प्राइवेट ट्रेन तेजस का किराया फ्लाइट से तीन गुना महंगा, इससे ज्यादा डाइनेमिक चार्जेस
नई दिल्ली (शरद पाण्डेय).फेस्टिव सीजन खासकर दीवाली और छठ के दौरान ट्रेन से लेकर फ्लाइट्स तक सभी का किराया कई गुना बढ़ गया है। पहली प्राइवेट ट्रेन तेजस का किराया फ्लाइट के अभी के किराए की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक रहा। जबकि सामान्य दिनों के फ्लाइट के किराए की बात करें तो यह तीन गुना अधिक रहा। तेजस की सभी टिकट बुक हो चुकी हैं, इस ट्रेन में वेटिंग नहीं होती। वहीं, फ्लाइट का किराया सामान्य दिनाें की तुलना में करीब 8 गुना तक बढ़ गया है।
फेस्टिव सीजन में सबसे अधिक यात्री दिल्ली से पूर्व की ओर जाने वाले हैं। यही वजह रही कि इस ओर जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में रिजर्वेशन शुरू (120 दिन पहले) होते ही फुल हो चुके हैं। मांग बढ़ने के साथ राजधानी, शताब्दी और दूरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों में डायनमिक चार्ज लागू होने के बावजूद अधिक किराया देकर लोगों ने रिजर्वेशन करा रखा है। हालत यह हो गई कि प्रीमियम ट्रेनों में डायनमिक चार्जेस के बाद भी रिजर्वेेशन रेग्रेट हो चुके हैं।
रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेशदत्त बाजपेई ने बताया कि इस फेस्टिव सीजन में कई रूटों में यात्री संख्या दोगुनी तक हो जाती है।रेलवे पैसेंजरों काे राहत देने के लिए स्पेशल ट्रेनेें चला रहा है। पूरे नेटवर्क में औसत 25 फीसदी पैसेंजर बढ़ते हैं। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट संचालित करने वाली कंपनी डायल के प्रवक्ता सौरभ ने बताया कि सामान्य दिनों में दिल्ली एयरपोर्ट के तीनों टर्मिनल में कुल मिलाकर 40 हजार पैसेंजर सफर करते हैं। वहीं फेस्टिव सीजन में पैसेंजर की संख्या 50 हजार तक पहुंच जाती है।
राजधानी दिल्ली से सबसे महंगे किराए वाले वाले रूट पटना, वाराणसी, कोलकाता, लखनऊ, रांची, जम्मू, भोपाल, अमृतसर आदि हैं। मुंबई से अहमदाबाद और पटना जाने वालों की संख्या अधिक है। दैनिक भास्कर से बातचीत में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने बताया कि दिल्ली-हावड़ा और दिल्ली-मुंबई दोनों ट्रैक सबसे व्यस्त हैंं। 2021 दिसंबर तक दोनों रूटाें पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तैयार हो जाएगा और मौजूदा ट्रैक से माल गाड़ियां हटा दी जाएंगी। ट्रैक खाली होने के बाद दिल्ली-हावड़ा और दिल्ली-मुंबई रूट पर मांग के अनुसार ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। यानी इन दोनों रूटों पर वेटिंग खत्म हो सकती है। मौजूदा समय में सबसे ज्यादा मारामारी इन्हीं रूटों पर है।
तेजस में किराए से ज्यादा डायनमिक चार्जेस
तेजस ट्रेन में किराए से ज्यादा डायनमिक चार्जेस हैं। चेयरकार का साधारण किराया 1280 है, जबकि टिकट 3295 रुपए की बिकी है, यानी 2015 रुपए डायनमिक चार्जेस के लिए गए हैं। वहीं, एग्जक्यूटिव चेयरकार का सामान्य किराया 2450 रुपएहै जबकिदिवाली से पहले 4570 रुपए की टिकट बिकी है, डायनमिक चार्जेस के रूप में 2120 रुपए लिए गए हैं।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VkKz82
No comments