पाकिस्तानी गेंदबाज इरफान का दावा- गंभीर आंख मिलाने से डरते थे, मैंने उनका करियर खत्म किया
खेल डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को लेकर बड़ा दावा किया। इरफान ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि उन्होंने सीमित ओवरों (वनडे और टी-20) के खेल में गंभीर का करियर खत्म किया। इरफान के मुताबिक, गंभीर उनसे आंख मिलाने से भी डरते थे।
सात फीट और एक इंच लंबे इरफान ने कहा कि 2012 में पाकिस्तान और टीम इंडिया के बीच भारत में द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थी। तब उन्होंने सीमित ओवरों की सीरीज में गंभीर को चार बार आउट किया था।
इरफान के खिलाफ असहज थे गंभीर!
इरफान ने कहा, ‘‘जब मैं भारत के खिलाफ 2012 सीरीज में खेला, तब वे (गंभीर) मेरे खिलाफ बल्लेबाजी करने में असहज महसूस कर रहे थे। किसी ने मुझे बताया कि मेरी लंबाई ज्यादा है, इसलिए वे मेरी गेंदों को समझ नहीं पा रहे और उन्हें खेलने में दिक्कत हो रही है।’’ उन्होंने दावा किया कि इसके बाद गंभीर भारत की ओर से सिर्फ एक सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ ही खेल पाए थे। फिर गंभीर का करियर खत्म हो गया था।
गंभीर इंग्लैंड सीरीज के बाद वापसी नहीं कर सके
गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के बाद भारत के लिए सिर्फ एक ही वनडे सीरीज खेली थी। यह सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ 2012-13 में खेली गई थी। इसके बाद गंभीर टीम से बाहर हुए तो फिर कभी वनडे में वापसी नहीं कर सके। गंभीर ने अपना आखिरी टी-20 भी पाकिस्तान के खिलाफ 2012 में ही खेला था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/339GgyO

No comments