Breaking News

फ्रेंचाइजी क्रिकेट को लेकर बोले क्रिस गेल- अगर मैं दो-चार मैचों में रन नहीं बनाता हूं तो बोझ बन जाता हूं

खेल डेस्क. वेस्टइंडीज के प्रमुख बल्लेबाज क्रिस गेल ने दुनियाभर में होने वाली निजी टी20 लीग को लेकर अपना दर्द जाहिर किया है। उनका कहना है कि अगर वे दो-चार मैचों में रन नहीं बना पाते हैं तो टीम उन्हें बोझ समझने लगती है, साथ ही लोग उनका सम्मान करना भी भूल जाते हैं। गेल ने ये बात दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही 'म्जांसी सुपर लीग' को अलविदा कहने के दौरान एक प्रमुख खेल वेबसाइट से बातचीत में कही।

अपना दर्द जाहिर करते हुए गेल ने कहा, 'जैसे ही मैं दो या तीन मैचों में प्रदर्शन नहीं करता हूं, तो फिर क्रिस गेल टीम के लिए बोझ बन जाता है। मैं केवल इस टीम के बारे में बात नहीं कर रहा हूं। ये कुछ ऐसा है, जिसका विश्लेषण मैंने पिछले कुछ सालों में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने के दौरान किया है। अगर मैं दो, तीन या चार बार रन नहीं बनाऊंगा तो क्रिस गेल टीम के लिए बोझ बन जाता है।'

लोग अच्छाई के बारे में याद नहीं रखते

आगे उन्होंने कहा, 'ऐसा लगता है कि एक विशेष व्यक्ति ही टीम के लिए बोझ है और फिर आप झगड़ों के बारे में सुनेंगे। मुझे सम्मान नहीं मिलने वाला है। लोगये याद नहीं रखते कि आपने उनके लिए क्या किया है। मुझे सम्मान नहीं मिलता।'

मुझे कभी सम्मान नहीं मिलता

गेल ने आगे कहा, 'मैं सिर्फ फ्रेंचाइजी के बारे में बात नहीं कर रहा हूं, मैं सामान्य तौर पर बोल रहा हूं। यहां तक कि मैं खिलाड़ियों के बारे में भी बात कर रहा हूं। खिलाड़ी, प्रबंधन, प्रबंधन के प्रमुख, बोर्ड सदस्य। क्रिस गेल को कभी कोई सम्मान नहीं मिलता। जब कभी क्रिस गेल असफल होता है, तो उसके करियर का अंत हो जाता है। उसमें कुछ अच्छाई बाकी नहीं रहती, वो सबसे खराब खिलाड़ी बन जाता है और अन्य बातें भी होने लगती हैं। अब तो मैं इन चीजों से उबर चुका हूं और मुझे इन चीजों की उम्मीद भी रहती है और मैं इन्हीं चीजों के साथ जी रहा हूं।'

दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही एमएसएल में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद गेल ने लीग को अलविदा कह दिया। यहां छह पारियों में वे सिर्फ 101 रन ही बना सके। टूर्नामेंट में वे 'जोझी स्टार्स' टीम की ओर से खेल रहे थे, जो अपने शुरुआती सभी छह मैच हार गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
क्रिस गेल (फाइल फोटो)


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2sdQdhv

No comments